Showing posts with label साहित्य. Show all posts
Showing posts with label साहित्य. Show all posts

Sunday, 25 December 2016

बांग्ला साहित्य के जानेमाने कवि शंख घोष को वर्ष 2016 का ज्ञानपीठ पुरस्कार देने की घोषणा


जाने-माने बांग्ला कवि और आलोचक शंख घोष को मिलेगा वर्ष 2016 का ज्ञानपीठ पुरस्कार



 वर्ष 2016 का 52वां ज्ञानपीठ पुरस्कार कवि शंख घोष को प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के रूप में उनको वाग्देवी की प्रतिमा, 11 लाख रुपए और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। कवि शंख घोष 19 साल बाद देश का सर्वोच्च साहित्य सम्मान पाने वाले बांग्ला लेखक हैं। कवि शंख घोष से पहले 1996 में बांग्ला लेखिका महाश्वेता देवी को ज्ञानपीठ पुरस्कार प्रदान किया गया था।

विद्वान, समालोचक और लेखक डा. नामवर सिंह की अध्यक्षता में ज्ञानपीठ चयन बोर्ड की बैठक में निर्णय किया गया कि वर्ष 2016 का 52वां ज्ञानपीठ पुरस्कार कवि शंख घोष को प्रदान किया जाएगा। शंख घोष की प्रमुख रचनाओं में आदिम लता-गुलमोमॉय, मूखरे बारो, सामाजिक नोय, बाबोरेर प्रार्थना, दिनगुली रातगुली और निहिता पातालछाया शामिल हैं। उनका जन्म 1932 में हुआ था और उन्हें कवि, आलोचक और विद्वान के तौर पर जाना जाता है।

शंख घोष को साहित्य अकादमी पुरस्कार, सरस्वती सम्मान, रवीन्द्र पुरस्कार जैसे महत्वपूर्ण पुरस्कारों से नवाजा गया है। इससे पहले बांग्ला लेखकों ताराशंकर, विष्णु दे, सुभाष मुखोपाध्याय, आशापूर्णा देवी और महाश्वेता देवी को ज्ञानपीठ पुरस्कार मिल चुका है।

पहला ज्ञानपीठ पुरस्कार वर्ष 1965 में मलयालम लेखक जी शंकर कुरूप को प्रदान किया गया था और वर्ष 2015 के ज्ञानपीठ पुरस्कार से गुजराती लेखक रघुवीर चौधरी को प्राप्त हुआ था। वर्ष 2016 तक 57 लेखकों को ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

Thursday, 22 December 2016

हिंदी के लिए नासिरा शर्मा को मिलेगा 2016 का साहित्य अकादमी पुरस्कार

 हिंदी के लिए नासिरा शर्मा को मिलेगा 2016 का साहित्य अकादमी पुरस्कार


साहित्य अकादमी ने बुधवार दिनांक 21 दिसम्बर को 2016 के लिए साहित्य अकादमी वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा की। इसमें हिंदी के लिए नासिरा शर्मा, उर्दू के लिए निजाम सिद्दकी, कश्मीरी में अजीज हाजिनी, पंजाबी के लिए स्वराजबीर, अंग्रेजी में जेरी पिंटो, संस्कृत के लिए सीतानाथ आचार्य शास्त्री सहित 24 भाषाओं के रचनाकारों के नामों की साहित्य अकादमी पुरस्कार के लिए घोषणा की गई। इस वर्ष आठ कविता-संग्रह, पांच उपन्यास, दो समालोचना, एक निबंध संग्रह और एक नाटक के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार दिया जाएगा।

यह पुरस्कार 21 से 26 फरवरी 2017 के बीच आयोजित होने वाली साहित्योत्सव में 22 फरवरी को दिया जाएगा। 24 भाषाओं के अलावा चार गैर मान्यता प्राप्त भाषाओं के लेखकों को भाषा सम्मान भी दिया जाएगा। इन रचनाकारों को पुरस्कार के रूप में उत्कीर्ण ताम्रफलक, शॉल और एक लाख रुपये दिए जाएंगे।
ये है पुरस्कारों की सूची-

1. हिंदी भाषा में उपन्यास 'पारिजात’ की लेखिका नासिरा शर्मा को
2. उर्दू में निजाम सिद्दीकी को उनकी समालोचना 'माबाद-ए-जदिदिआत से नए अहेद की तखलिकियात तक’ के लिए
3. अंग्रेजी में जेरी पिंटो को उनके उपन्यास 'एम एंड द बिग हूम’ के लिए
4. मैथिली में श्याम दरिहरे को उनके कहानी संग्रह 'बड़की काकी एट हॉटमेल डॉट कॉम' के लिए
5. पंजाबी में स्वराजबीर को उनके नाटक 'मसिआ दी रात’के लिए
6. कश्मीरी भाषा में अजीज हाजिनी को उनके समालोचना 'आने-खाने' के लिए
7. राजस्थानी में बुलाकी को उनके कहानी संग्रह 'मरदजात अर दूजी कहानियां’ के लिए
8. असमिया में ज्ञान पुजारी को उनके कविता संग्रह 'मेघमालार भ्रमण’के लिए
9. बोडो में अंजू (अंजलि नार्जारी) को उनके कविता संग्रह 'आं माबोरै दं दासों' के लिए
10. डोगरी में छत्रपाल को उनके कहानी संग्रह 'चेता’ के लिए
11. गुजराती में कमल वोरा को कविता संग्रह 'अनेकअेक’ के लिए
12. कन्नड़ में बोलवार महमद के. को उनके उपन्यास 'स्वतंत्रायदा ओटा' के लिए
13. मलयालम में प्रभा वर्मा को कविता संग्रह 'श्याम माधवम’ के लिए
14. बांग्ला में नृसिंह प्रसाद भादुड़ी को उनके निबंध 'महाभारतेर अष्टादशी’के लिए
15. कोंकणी में एडविन जे. एफ. डिसोजा को 'काले भांगर’ उपन्यास के लिए
16. नेपाली में गीता उपाध्याय 'जन्मभूमि मेरो स्वदेश’ उपन्यास के लिए
17. संस्कृत में सीतानाथ आचार्य शास्त्री को 'काव्यनिर्झरी’ कविता संग्रह के लिए
18. संथाली में गोबिंदचंद्र माझी को 'नालहा’ कविता संग्रह के लिए
19. सिन्धी में नंद जावेरी को 'आखर कथा’ कविता संग्रह के लिए
20. तेलूगु में पापिनेनि शिवशंकर को 'रजनीगन्धा’ कविता संग्रह के लिए
21. तमिल में वन्नदासन को कहानी संग्रह 'ओरू सिरू इसै’ के लिए
22. मराठी में आसाराम लोमटे को कहानी संग्रह 'आलोक' के लिए
23. मणिपुरी में मोइराड्थेन राजेन को कहानी संग्रह 'चेपथरबा ईशिड्पुन’ के लिए
24. ओडिया में पारमिता सत्पथी को प्राप्ति (कहानी) के लिए